आगरा जिले के थाना बरहन क्षेत्र के आंवलखेड़ा स्थित मैरिज होम में शादी समारोह में पूड़ी बेलने के कार्य में लगी महिला से हलवाई और उसके चार साथियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला को आरोपी सड़क पर गंभीर हालत में फेंककर भाग गए। पीड़िता ने ग्रामीणों की मदद से पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, महिला के पति ने दो नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
पीड़ित महिला थाना एत्माद्दौला क्षेत्र की रहने वाली है। वह शादी समारोह में हलवाई के साथ पूड़ी बेलने का कार्य करती है। रविवार रात को वह बरहन क्षेत्र के सपा नेता के मैरिज होम में अपनी साथी महिला के साथ हलवाई के बुलाने पर काम करने गई थी। आरोप है कि देर रात हलवाई गांव शेरखा निवासी प्रेम सिंह और उसका साथी काका उसे किसी काम के बहाने मैरिज होम के कमरे में ले गया। कमरे में तीन लोग और थे। पांचों लोगों ने उसे पकड़ लिया। प्रेम सिंह, काका और उनके तीन साथियों ने उससे दुष्कर्म किया। इससे वो बेहोश हो गई।
लुटेरी दुल्हन: 67 साल के व्यापारी की हत्या से पहले बनाए वीडियो, फिर की खौफनाक वारदात
आरोपी बेहोशी की हालत में उसे आंवलखेड़ा चौराहा पर सड़क किनारे फेंककर भाग गए। महिला की हालत गंभीर थी। तड़के होश आने पर वो पास ही स्थित पुलिस चौकी पर पहुंची। मगर, वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। बाद में कुछ ग्रामीण आ गए। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। इस पर थाना बरहन के प्रभारी फोर्स के साथ पहुंच गए। उन्होंने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया।