आगरा के एत्मादपुर में झरना नाला के जंगल में 25 से 30 साल की युवती का शव मिला, जिसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने एआई से तस्वीर तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित की है और वाहन से शव लाकर फेंके जाने की आशंका जताई है।
आगरा के झरना नाला (थाना एत्मादपुर) के जंगल में एक युवती का शव मिला है। पुलिस ने उसकी पहचान के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से एक फोटो तैयार किया है। इस फोटो को व्हाट्सएप ग्रुप और सोशल मीडिया मंचों पर प्रसारित किया जा रहा है।
विज्ञापन
पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या कर शव को किसी वाहन से आगरा लाकर फेंका गया है। युवती के सिर पर चोट के निशान थे लेकिन पहचान के कोई दस्तावेज या मोबाइल नहीं मिला। तीन दिन तक पहचान न होने पर शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
बाद में पुलिस ने लावारिस मानकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी क्षेत्र) आदित्य सिंह ने बताया कि शव मिलने के स्थान पर कई खोखे हैं। इन दुकानदारों से पूछताछ की जा रही है। देखा जा रहा है कि शव मिलने से पहले कोई संदिग्ध वाहन दिखा था या नहीं। युवती की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच हो सकती है। ब्यूरो