आगरा के थाना न्यू आगरा से 200 मीटर दूर रविवार दोपहर को बाइकर्स गैंग ने दवा कंपनी के एरिया मैनेजर की पत्नी से पर्स लूट लिया। बदमाश भीड़भाड़ के बीच बाइक दौड़ाते हुए दयालबाग की तरफ भाग गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
जज कंपाउंड निवासी आशीष सेन दवा कंपनी में एरिया मैनेजर हैं। उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर तकरीबन 3 बजे पत्नी अनीता, देवरानी सपना के साथ बाजार जा रही थीं। शाह मार्केट से ऑटो में बैठकर भगवान टाकीज आईं। इसके बाद पैदल दयालबाग रोड स्थित पार्लर जा रही थीं। थाना न्यू आगरा से 200 मीटर आगे चली थी, तभी बाइक पर सवार दो बदमाश आए।
बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर पर्स लूट लिया। अनीता कुछ समझ पाती, उससे पहले ही बदमाश दयालबाग की तरफ भाग गए। अनीता और सपना के शोर मचाने पर लोग आ गए। मगर, बदमाशों को नहीं पकड़ा जा सका। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंच गई। बदमाशों की तलाश की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी चेक किए गए, लेकिन कोई जानकारी नहीं लगी। थाना प्रभारी निरीक्षक सर्वेश कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से बदमाशों की तलाश की जा रही है। पर्स में एक मोबाइल, 8500 रुपये, डेबिट कार्ड और जरूरी कागजात रखे हुए थे।
ये भी पढ़ें - UP: 'माफिया अतीक अहमद का रिश्तेदार हूं..., कटवा दूंगा', तांत्रिक ने तीन और व्यापारियों से हड़पी रकम और जेवर
थाने के पास ही अराजकतत्वों का जमघट
बदमाशों ने भीड़ भरे बाजार में वारदात को अंजाम दिया। थाना न्यू आगरा क्षेत्र में लूट की यह पहली वारदात नहीं है। इससे पहले दयालबाग मार्ग एक बाइकर्स गैंग ने युवक का मोबाइल लूट लिया था। लायर्स कॉलोनी में महिला से घर के बाहर चेन लूट हुई थी। इसके अलावा दयालबाग रोड पर वारदातें हो चुकी हैं। थाना के पास ही अराजकतत्वों का दुकानों के बाहर जमघट लगा रहता है। देर रात्रि तक पुलिस की गश्त होने के बावजूद कोई रोक नहीं लग पा रही है।