एक महिला बैंक अधिकारी से बदसलूकी का मामला अभी ठंडा नहीं पड़ा था कि एक और शर्मसार घटना सुर्खियां बनकर शहर की फिजा में तैरने लगी। एक ‘माननीय’ ने कामकाजी युवती से बदसलूकी की तो उन्हें न सिर्फ सार्वजनिक स्थल पर माफी मांगकर शर्मसार होना पड़ा बल्कि उनका चेहरा भी बेनकाब हो गया।
शनिवार दोपहर को कामकाज के सिलसिले में युवती ‘माननीय’ से मिलने गई तो उन्होंने व्यस्तता का बहाना बता कर गाड़ी में बातचीत करते हुए चलने के लिए कहा। युवती ने उन पर भरोसा किया और उनके साथ कार में बैठ गई। पर ये क्या...युवती ‘माननीय’ के रवैये को देखकर हक्की-बक्की रह गई। यकीन भी नहीं हुआ कि सार्वजनिक जीवन में भी कोई
व्यक्ति इतनी घिनौनी हरकत कर सकता है।
युवती ने कार रुकवाई और उतर कर अपने परिचितों को फोन पर सूचना दी। लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने उनकी हरकत का विरोध किया और लानतें दीं। फजीहत होती देख सार्वजनिक तौर पर माफी मांगकर उन्होंने पीछा छुड़ाया। तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ। युवती ने इस आशय के संबंध में कोई रिपोर्ट नहीं लिखाई है।