एटा के कस्बा जलेसर में रविवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। चोरी-छिपे उसके शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मायके वालों के आने से पहले ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर भाग गए। मृतका के पिता ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जिला कासगंज के गांव बहटा निवासी मानपाल ने बताया कि उनकी बेटी सपना की शादी सात मार्च 2019 को मुनेश पुत्र जगदीश प्रसाद निवासी लखमीपुर सराय थाना जलेसर के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति व अन्य ससुरालीजन बेटी पर अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बना रहे थे।
उन्होंने बताया कि बेटी के उत्पीड़न का पता चलने पर लखमीपुर सराय जाकर ससुरालियों को समझाया भी, लेकिन पति मुनेश ने अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर बेटी सपना को प्रताड़ित करना जारी रखा। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर रविवार रात में सपना की हत्या कर दी गई।