मैनपुरी के थाना एलाऊ क्षेत्र के एक गांव में अवैध संबंध बनाने के लिए ससुर द्वारा बहू को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को मामले की शिकायत एएसपी से की गई।
महिला का आरोप है कि बीते दिनों ससुर ने उससे छेड़खानी की। इस पर जब पति ने विरोध किया तो पिता ने अपने ही बेटे के खिलाफ जान से मारने की नीयत से हमला करने का अभियोग पंजीकृत करा दिया। पीड़िता का आरोप है कि ससुर उससे उसकी 20 दिन की बच्ची को मार डालने को भी कह रहा है।
बताया गया है कि मैनपुरी के थाना एलाऊ क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक आईटीबीपी में नौकरी करता है। करीब 20 दिन पूर्व पत्नी ने एक बच्ची को मायके में जन्म दिया। 19 जुलाई को पति जब घर लौटा तो पत्नी को ससुराल ले आया। पति के बाहर चले जाने पर ससुर ने अवैध संबंध बनाने का दबाव डालते हुए छेड़खानी की।
चीख पुकार सुनकर जब पति ने विरोध किया तो आरोपी ने पुत्र को भाले से हमला कर घायल कर दिया। खुद के शरीर में भी कुछ चोटें मारने के बाद पुलिस को फोन कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस पिता पुत्र को थाने ले गई। वहां आरोपी का मेडिकल कराने के बाद पुत्र के विरुद्ध ही जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
पीड़िता के मुताबिक पति का मेडिकल नहीं कराया गया न हीं उनकी तहरीर पर कोई कार्रवाई की। आरोप है कि ससुर चरित्रहीन है जो उससे अवैध संबंध बनाना चाहता है। जिसके चलते वह करीब एक वर्ष से अधिकतर मायके में ही रह रही थी। आरोपी ससुर दंपति पर 20 दिन की बच्ची की हत्या करने का दबाव बना रहा है।
कहता है कि लड़की की शादी में मोटी रकम देनी होगी इसलिए हत्या कर दो। नहीं तो संपत्ति से बेदखल कर दूंगा। शुक्रवार को पीड़िता ने एएसपी ओमप्रकाश सिंह को शिकायती पत्र देकर पति का मेडिकल कराने के साथ ही कानूनी कार्रवाई की मांग की है।