साबरमती से ट्रेन में सवार हुईं 22 वर्षीय माधुरी और उनके परिवार के लिए सोमवार की सुबह जिंदगी की सबसे बड़ी खुशी लेकर आई। साबरमती-आगरा कैंट एक्सप्रेस (12548) के अछनेरा पहुंचने पर महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। परिजन ने रेलवे के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर मदद मांगी। इसके बाद कैंट स्टेशन पर मेडिकल टीम बुला ली गई।
हालांकि, ट्रेन स्टेशन पहुंचती इससे पहले ही नन्ही से जान ने दुनिया में कदम रख दिया। स्टेशन पर मौजूद डॉक्टर ने जच्चा-बच्चा का परीक्षण किया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फर्रुखाबाद निवासी माधुरी अपने दो परिजन के साथ साबरमती से आगरा कैंट आ रही थीं। वह स्लीपर कोच एस-2 में सवार थीं। सोमवार सुबह 6:24 बजे जब ट्रेन अछनेरा पहुंची तो प्रसव पीड़ा होने पर मदद मांगी। सूचना पर ट्रेन में तैनात टीटीई पहुंचे और आगरा कैंट के उप स्टेशन प्रबंधक वाणिज्य को जानकारी देकर मेडिकल टीम तैयार रखने के लिए कहा। हालांकि, प्रसूता के दर्द बढ़ गया और ट्रेन में ही अन्य महिलाओं की मदद से प्रसव कराया गया। माधुरी ने बेटे को जन्म दिया।
सुबह सात बजे ट्रेन स्टेशन पर पहुंची तो डॉ. अवंतिका सिन्हा ने जच्चा-बच्चा की जांच की। मां और शिशु दोनों स्वस्थ पाए गए। प्राथमिक उपचार देकर दोनाें को रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजन ने तत्परता दिखाने के लिए रेलवे की सराहना की।
सूचना मिलते ही स्टेशन पर मेडिकल टीम पहुंच गई थी। हालांकि, ट्रेन मेें ही बच्चे का जन्म हो गया था। स्टेशन पर मां-बेटे की जांच के बाद उन्हें रेलवे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। - संजय कुमार गौतम, जनसंपर्क अधिकारी, आगरा रेल मंडल
ट्रेन में परेशानी होने पर लें मदद
चलती ट्रेन में किसी भी तरह की समस्या होने पर रेल मदद एप या पोर्टल पर शिकायत कर सकते हैं। इसके लिए एप खोलकर अपना पीएनआर नंबर दर्ज करें। शिकायत की श्रेणी चुनें और विवरण दर्ज करें। इसके अलावा रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल कर भी शिकायत दर्ज कराने के साथ मदद मांग सकते हैं।