उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में अपार्टमेंट की चौथी मंजिल की बालकनी से फेंककर ब्लॉगर युवती की हत्या कर दी गई। घटना को देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान अपार्टमेंट के लोगों ने तीन आरोपियों को मौके से दबोच लिया, जिसमें एक आरोपी युवती का पति बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार युवती यहां अपने फेसबुक फ्रेंड के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
सूचना मिलते ही एसएसपी भी मौके पर पहुंच गए। मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अपार्टमेंट के लोगों द्वारा पकड़े गए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं इस घटना के बाद अपार्टमेंट के लोग दहशत में हैं।