फ़िरोज़ाबाद के जैन नगर खेड़ा स्थित प्राचीन जैन मंदिर में गुरुवार रात को आरती के समय पड़ोस की एक महिला हाथों में चप्पल लेकर घुस गई। आरती को बंद कराने का प्रयास किया। इससे समाज के लोगों में आक्रोश पनप गया। जैन समाज के लोग एकत्रित होकर थाना उत्तर पहुंचे।
थाना उत्तर की मोहल्ला जैन नगर खेड़ा में श्री पारसनाथ दिगंबर जैन प्राचीन जैन मंदिर है, जहां रात को सामूहिक आरती का कार्यक्रम चल रहा था। आरती के दौरान महिलाएं और समाज के लोग मंगल गायन कर रहे थे।
इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले सुनहरी लाल हलवाई की पत्नी चप्पल लेकर मंदिर के अंदर घुस गई। उन्होंने गाली गलौज करते हुए आरती को बंद करने के लिए कहा। जबरन आरती बंद कराने लगी मंदिर के अंदर हाथों में चप्पल लेकर घुसी महिला को देखकर जैन समाज के लोग भड़क गए।
उन्होंने डायल 100 पर सूचना दी। सूचना पर डायल 100 के सिपाही मौके पर पहुंच गए। तब तक महिला मंदिर से बाहर निकल कर अपने घर पहुंच गई। घटना से जैन समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। समाज के लोग एकत्रित होकर थाना उत्तर पहुंच गए।
थाना उत्तर में मंदिर कमेटी के लोगों ने सुनी लाल हलवाई के परिवार के खिलाफ तहरीर दी है। कहा है कि अल्पसंख्यक समाज की धार्मिक आस्था को चोट पहुंची है। मंदिर की पवित्रता को चप्पल लेकर अंदर घुसने से भंग किया गया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।