आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हादसा
- फोटो : अमर उजाला
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। रविवार को एक्सप्रेसवे के 22वें माइलस्टोन पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार में बैठे छह लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसा आगरा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र में हुआ। फर्रुखाबाद के मोहल्ला आजादनगर निवासी आशुतोष गुप्ता पुत्र महेश चंद्र गुप्ता अपनी मां माया देवी (60), बहन मृगनयनी, पत्नी विभा, पुत्री सोनवी तथा पुत्र आरुष के साथ कार से फर्रुखाबाद से अहमदाबाद जा रहे थे।
लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद थाना क्षेत्र के 22वें माइलस्टोन पर सुबह तकरीबन 8:00 बजे उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार कई बार पलटी खाते हुए एक्सप्रेसवे पर पलट गई। घटना की जानकारी मिलते ही यूपीडा की सेफ्टी वैन, फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान माया देवी की मौत हो गई।
पुलिसकर्मियों ने हादसे का कारण जानने के लिए सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग चेक की तो उनके होश उड़ गए। कार तेज रफ्तार से आ रही थी। इसके कारण ही मामूली मोड़ पर कार अनियंत्रित होने के बाद डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस का कहना है कि ओवरस्पीड के कारण यह हादसा हुआ है।