पहिया निकलने से कार का संतुलन बिगड़ गया। वह सामने से आ रहे ऑटो से टकरा गई। सवारियों में चीखपुकार मच गई। हादसे में एक महिला की माैत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए।
आगरा के खंदाैली में आगरा-हाथरस मार्ग पर गांव बगलघूंसा के पास सोमवार की सुबह तेज रफ्तार कार का टायर निकल गया। कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे सवारियों भरे ऑटो से जा टकराई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई। छह लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों में चीख पुकार मच गई। वहीं हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक सोमवार की सुबह करीब 10 बजे एक कार खंदौली से आगरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक की तरफ का टायर निकल गया। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने से आ रहे ऑटो से टकरा गई। ऑटो रामबाग से सवारियां लेकर खंदौली की ओर आ रहा था। ऑटो में सवार सरोज, दुर्गेश, राधा निवासी बास शोभाराम, शालू निवासी सेमरा, अभि, आकाश निवासी बास मोहन, सादाबाद और विजय निवासी मीतई (हाथरस) घायल हो गए। जबकि कार सवार बाल-बाल बच गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां उपचार के दौरान 42 वर्षीय राधा की मौत हो गई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए आगरा-हाथरस मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू कराया जा सका।