कुरावली के गांव नानामऊ में महिला की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर विलाप करता पिता
- फोटो : MAINPURI
कुरावली (मैनपुरी)। गांव नानामऊ में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मायके पक्ष की ओर से दहेज हत्या का आरोप लगाया। सोमवार को पोस्टमार्टम हाउस पर मायका और ससुराल पक्ष के लोगों के बीच झगड़े की नौबत आ गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि महिला की मौत बीमारी के चलते हुई है।
थाना क्षेत्र के गांव नानामऊ निवासी रामवरन कश्यप की पत्नी पूजा को रविवार शाम परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। पिता बाबूराम निवासी सरस्वती खेड़ा गाजियाबाद ने आरोप लगाया कि दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर पुत्री की हत्या की गई है।
20 जुलाई 2018 को उन्होंने पुत्री की शादी की थी। सोमवार दोपहर दोनों पक्ष के लोग पोस्टमार्टम हाउस पर सामने आए तो विवाद हो गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे से मारपीट पर अमादा हो गए तो पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया। इंस्पेक्टर शिवकुमार चौहान का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विवाहिता की मौत बीमारी से होने की बात कही गई है। मायके पक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं।