मथुरा जिले के गोविंदनगर क्षेत्र में सोमवार को एक विवाहिता का शव यमुना में मिला। पुलिस ने शव को यमुना नदी से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया गया है कि वृंदावन के गांव अहिल्यागंज में महिला ने रविवार को यमुना में छलांग लगाकर आत्महत्या की थी। पुलिस ने विवाहिता का पर्स, मोबाइल और चप्पलें बरामद की हैं। पर्स में सुसाइड नोट मिला है। इसमें विवाहिता ने एक डॉक्टर पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। मायके में रहने की बात भी सुसाइड नोट में लिखी हुई है।
थाना राया के एक गांव निवासी एक महिला (25) का विवाह सुरीर थाना क्षेत्र के युवक साथ तीन साल पहले हुआ था। दहेज की मांग और मारपीट के चलते महिला पति से अलग अपने मायके में रह रही थी। गुजर-बसर करने के लिए एक डॉक्टर के यहां नौकरी करती थी। ग्रामीणों ने रविवार को महिला को अहिल्यागंज में यमुना किनारे बैठे देखा था। उसके बाद महिला यमुना नदी में कूद गई। सूचना पर पहुंची वृंदावन पुलिस ने महिला की तलाश कराई, पर कोई सुराग नहीं लग सका।
गोविंदनगर पुलिस ने बरामद किया शव
पुलिस ने मौके से महिला का पर्स, चप्पलें और मोबाइल बरामद किया। मोबाइल के आधार पर महिला की शिनाख्त होने पर परिजनों को सूचित कर दिया। सोमवार की सुबह थाना गोविंदनगर पुलिस को यमुना में एक शव उतराता मिलने की सूचना मिली। बिड़ला मंदिर चौकी प्रभारी अमित यादव पुलिसबल के साथ पहुंचे। शव को यमुना से निकलवाकर कब्जे में लिया। शव उक्त महिला का था, जो रविवार को अहिल्यागंज में यमुना नदी में कूदी थी।