मैनपुरी के कस्बा भोगांव की रहने वाली एक महिला ने रविवार की सुबह फांसी लगाकर जान दे दी। मायका पक्ष ने आरोप लगाया कि ससुरालीजन पुत्र न होने पर महिला का मानसिक उत्पीड़न करते थे। हालांकि उन्होंने तहरीर नहीं दी है। मृतका के चार पुत्रियां हैं। मां की मौत के बाद उनका रो-रोकर बुरा हो गया।
जनपद कन्नौज के गांव तरींद निवासी इंद्रेश कुमार ने करीब 10 वर्ष पूर्व पुत्री पिंकी की शादी भोगांव थाना क्षेत्र के मोहल्ला चौधरी में रहने वाले प्रमोद शाक्य के साथ की थी। आठ वर्ष पूर्व पहली बेटी कनिका का जन्म हुआ। बेटी के जन्म के बाद से ही ससुरालीजनों के मिजाज बदल गए।
मृतका के पिता इंद्रेश कुमार के अनुसार ससुरालीजान अगली बार बेटा पैदा होने की बात कहने लगे, लेकिन अगली बार भी बेटी का जन्म हुआ। आठ वर्ष में पिंकी चार पुत्रियों की मां बन चुकी थी। अब आए दिन ससुरालीजन उसे बेटा न दे पाने का दोषी ठहराते हुए ताना देते थे।