किशनी। थाना क्षेत्र के गांव डांडेहार समान में मकान के विवाद को लेकर महिला पर घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला किया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला ने मेडिकल कॉलेज सैफई में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद तलाश शुरू कर दी है।
गांव डांडेहार निवासी सेवकराम ने पुलिस को बताया कि सगे भाई हृदयराम यादव से उनका मकान पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। विवाद को लेकर कई दिनों से झगड़ा हो रहा था। 13 सितंबर की शाम जब वह घर पर नहीं थे, तभी हृदयराम, सरिता यादव और राजू लाठी-डंडाें व धारदार हथियार लेकर घर में घुस आए। घर में मौजूद मिली पत्नी राजकुमारी (61) को लाठी-डंडाें और धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
लोगों को एकत्र होता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए थे। इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज सैफई में पत्नी राजकुमारी ने दम तोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने गांव जाकर घटनास्थल का भी निरीक्षण किया और बयान दर्ज किए। जल्द ही पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।