शराब के थोक कारोबार में पोंटी चड्ढा के एकछत्र साम्राज्य का असर दिखने लगा है। शनिवार दोपहर से बंद थोक गोदाम रविवार को भी नहीं खुला। कई आबकारी ठेकेदारों ने एक दूसरे से शराब उधार लेकर बेची। वहीं सोमवार को भी गोदाम बंद रहने की आशंका है। ऐसे में शराब कारोबारी चिंतित हैं। हालांकि आबकारी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सोमवार को गोदाम खुल जाएगा।
बताते चलें कि शनिवार को संपत्ति विवाद में पोंटी चड्ढा और उसके भाई की हत्या हो गई। सूचना के बाद से थोक गोदाम बंद हैं। अधिकतर ठेकेदारों का कहना था कि उनके पास माल नहीं है। वहीं कुछ फुटकर दुकानें भी बंद रहने से दूसरी दुकानों पर अधिक मांग आई। ऐसे में शराब का कोटा खत्म हो गया। सबसे अधिक परेशानी देशी शराब के ठेकेदारों को आई। आमतौर पर रोज कोटा उठाने के कारण ठेकेदारों के पास शराब शॉर्ट हो गई।
वहीं सोमवार को भी गोदाम बंद रहने की आशंका जताई जा रही है। कहा जा रहा है कि इस समय शराब के अधिकतर ब्रांड पोंटी की डिस्टलरी से आ रहे हैं। ऐसे में जहां शराब कम आने की आशंका जताई जा रही है, वहीं गोदाम के खुलने के बाद भी शराब की कमी होनी संभावित मानी जा रही है। हालांकि जिला आबकारी अधिकारी अवधेश वर्मा का कहना है कि रविवार शाम पोंटी के अंतिम संस्कार के बाद सोमवार को दुकानें खुल जाएंगी।