वाइल्डलाइफ एसओएस की टीम ने पकड़ा अजगर
- फोटो : अमर उजाला
आगरा जिले के बीसलपुर गांव में मंगलवार को 11 फीट लंबा अजगर से देखे जाने से दहशत फैल गई। विशालकाय अजगर को वाइल्डलाइफ एसओएस रैपिड रिस्पांस यूनिट ने पकड़ा। बाद में उसे जंगल में छोड़ दिया। एक अन्य घटना में एनजीओ ने मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) कार्यालय से कोबरा सांप को पकड़ा।
वाइल्डलाइफ एसओएस की हेल्पलाइन पर बीसलपुर गांव में विशालकाय अजगर दिखने की सूचना प्राप्त हुई थी। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने खेत पर एक बड़ा अजगर देखा है। सांप झाड़ियों के बीच में बैठा था, जहां लोग अपने मवेशियों के लिए घास और अन्य चारा इकट्ठा करने जाते हैं।
टीम ने अजगर को जंगल में छोड़ा
वन्यजीव संरक्षण संस्था की रैपिड रिस्पांस यूनिट से तीन सदस्यीय बचाव दल तुरंत स्थान पर पहुंचे। टीम ने सावधानीपूर्वक अजगर को पकड़ा। अजगर को कुछ घंटों के लिए चिकित्सकीय निगरानी में रखने के बाद, वापस जंगल में छोड़ दिया गया।
वाइल्डलाइफ एसओएस को कॉल करने वाले नेम सिंह ने बताया कि ग्रामीण इतने बड़े सांप को देखकर घबरा गए थे। चूंकि, वाइल्डलाइफ एसओएस ने क्षेत्र में और आसपास से पहले भी ऐसे सांपों को पकड़ा है, इसलिए हमने मदद के लिए तुरंत उनसे संपर्क साधा।