फतेहाबाद। सड़क दुर्घटना के बाद पुलिस टीम पर पथराव के मामले में जेल भेजे गए युवक की बहन की शादी से पहले परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। युवक की जमानत न होने से उसकी पत्नी की तबीयत बिगड़ गई, जिसे परिजन ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार, 15 जून को फतेहाबाद-फिरोजाबाद मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद बाद पुलिस टीम पर पथराव के मामले में थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव पिन्नापुरा निवासी गौतम गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। परिजन का कहना है कि गौतम की अभी तक जमानत नहीं हो सकी है। सोमवार को गौतम की बहन प्रीति की शादी थी। परिवार के मुताबिक प्रीति का गौतम इकलौता भाई है और शादी की सभी जिम्मेदारियां उसी के कंधों पर थीं। भाई के जेल में होने और जमानत न मिलने से परिवार पहले से ही परेशान था। इसी बीच सोमवार सुबह गौतम की पत्नी आशा देवी की तबीयत बिगड़ गई। परिजन ने बताया कि एक ओर घर में बेटी की शादी और दूसरी ओर परिवार का प्रमुख सदस्य जेल में होने से सभी लोग मानसिक तनाव में हैं।
फोटो।पुलिस टीम पर पथराव के मामले में जेल में बंद गौतम की पत्नी आशादेवी अस्पताल में भर्ती