आगरा के सदर के अति सुरक्षित इलाके टैंक चौराहा के पास नाले में युवती की लाश को बोरे में कपड़ों के नीचे दबाकर रखने के बाद फेंका गया था। 24 घंटे बाद भी शिनाख्त नहीं हो सकी है। हालांकि पुलिस को बोरे से कमला नगर के एक साड़ी शोरूम का कैरी बैग मिला है। इसके सहारे पुलिस सुराग की तलाश में लगी है। युवती के स्थानीय होने का अंदेशा भी है।
मृतका का चेहरा पहचान में नहीं आ रहा है। हालांकि उसके एक हाथ पर अजीत लिखा था। एक कैरी बैग भी मिला। यह कमला नगर स्थित एक मार्केट के साड़ी शोरूम का था। इस पर पुलिस टीम कमला नगर गई थी। मगर, कोई जानकारी नहीं मिली। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरा नहीं है। मगर, कुछ दूरी पर कैमरे लगे हैं। इनके फुटेज चेक किए जा रहे हैं।
- टैंक चौराहा से आगरा कैंट की तरफ जाया जा सकता है। पुलिस को दो जगह सीसीटीवी कैमरे लगे मिले। इनके फुटेज चेक किए जा रहे हैं।
- सदर इलाके में मकानों में किरायेदार रखने वालों से बात की जा रही है। यह पता किया जा रहा है कि हाल ही में कोई किरायेदार घर खाली करके तो नहीं गया। - प्लास्टिक के बोरे में शव को लाया गया। किसी वाहन का इस्तेमाल किया गया होगा। वाहन दोपहिया था या चार पहिया। फुटेज में दोपहिया वाहन आ सकता है। मगर, कार में बोरा रखा होगा तो पता चलना मुश्किल होगा।