0पिनाहट। थाना क्षेत्र के अंतर्गत अरनाैटा मार्ग पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। 74 नंबर पुलिया के पास एक कार अनियंत्रित होकर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के खंभे से जा टकराई। गनीमत रही कि टक्कर के बाद लाइन टूटी नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। कार सवार दोनों युवक सुरक्षित हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव बीचका पूरा निवासी शिवम अपने एक साथी के साथ कार से पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। जैसे ही उनकी कार 74 नंबर पुलिया के पास पहुंची, सामने से अचानक एक ऑटो आ गया। ऑटो को बचाने के प्रयास में शिवम ने कार को तेजी से मोड़ा, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े हाईटेंशन लाइन के खंभे से जा टकराया। हाईटेंशन लाइन के खंभे से कार की जोरदार टक्कर होते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों को डर था कि कहीं बिजली का तार कार पर न गिर जाए। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया। कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है, लेकिन दोनों युवकों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
वाहन की टक्कर से बाइक सवार वृद्ध घायल
सैंया। आगरा-ग्वालियर हाईवे स्थित बिजलीघर के पास बुधवार दोपहर एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में धौलपुर (राजस्थान) के गांव दूसरा निवासी बंटी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वह अपने पुत्र रामप्रकाश के साथ बाइक पर सवार होकर सैंया की ओर आ रहे थे। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल को आनन-फानन में सीएचसी सैंया में भर्ती कराया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आगरा के एसएन हॉस्पिटल रेफर कर दिया है।