फोटो 4खेरागढ़ के नबाब बसई रोड स्थित बॉर्डर पर लगी सैकड़ों वाहनों की कई किलोमीटर लंबी लाइनें
खेरागढ़। तहसील क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार देर रात अभियान चलाया। प्रशासन, पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध खनन सामग्री से लदे आठ डंपरों को सीज कर दिया। राजस्थान सीमा पर सैकड़ों डंपर व ट्रक रोक दिए गए, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई से खनन माफिया में अफरातफरी मच गई।उप जिलाधिकारी खेरागढ़ नरेंद्र गंगवार ने बताया कि नवाब बसई-खेरागढ़ मार्ग से बड़े पैमाने पर बिना प्रपत्रों के अवैध खनन सामग्री के ओवरलोड परिवहन की सूचना मिली थी। नायब तहसीलदार अनुज दीक्षित, खनन अधिकारी सुशील वर्मा और स्थानीय पुलिस के साथ सैंया टोल प्लाजा एवं खेरागढ़ के नवाब बसई सीमा पर शुक्रवार देर रात संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। सैंया में पकड़े गए चार डंपरों को सैंया पुलिस और अन्य चार डंपरों को थाना खेरागढ़ पुलिस के सुपुर्द कर सीज कर दिया गया।
प्रशासन की कार्रवाई से शनिवार सुबह बसई नवाब-खेरागढ़ राजस्थान सीमा पर सैकड़ों डंपरों और ट्रकों की कई किलोमीटर लंबी लाइन लग गई, जिससे आवागमन बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची राजस्थान पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। सीमा पर वाहन चालक और खनन कारोबारी हालात सामान्य होने का इंतजार करते रहे, लेकिन सीमा पर पुलिस और प्रशासन की सख्त निगरानी के चलते कोई भी वाहन यूपी सीमा में आगे नहीं बढ़ सका। वहीं, सैंया टोल प्लाजा पर सख्ती बढ़ने के कारण बीते एक महीने से सैकड़ों ओवरलोड वाहन खेरागढ़ एवं जगनेर के सरेंधी से गुजरते हुए कागारौल के रास्ते आगरा पहुंच रहे थे। प्रशासन की कार्रवाई पर ग्रामीणों ने खुशी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि एक महीने से दिन-रात गुजर रहे सैकड़ों ओवरलोड वाहनों से सड़कों की हालत खराब हो गई थी। तेज रफ्तार वाहनों के कारण हर समय बड़े हादसे का डर बना रहता था।
अवैध खनन और उसके परिवहन के खिलाफ प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति है। यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। तहसील क्षेत्र में जहां भी ऐसी सूचना मिलेगी, वहां सख्त कदम उठाए जाएंगे। अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है। -नरेंद्र गंगवार, उप जिलाधिकारी, खेरागढ़