08एमएनपी-32-बारिश से बर्बाद हो रहा आलू
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। जिलेभर में मंगलवार रात से ही मौसम का मिजाज बदल गया। रात और बुधवार को दिन में बूंदाबांदी होने से ठंडक बढ़ गई। कहीं बूंदाबांदी तेज हुई तो, कहीं सिर्फ फुहार ही पड़ी। सर्दी में बारिश होने से बाजारों में कुछ समय के लिए सन्नाटा पसर गया। वहीं किसान भी बदले मौसम से परेशान हैं।
जिले में कई स्थानों पर मंगलवार की रात से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई। सुबह जब लोग जागे तब उनको बूंदाबांदी होने का पता चला। बुधवार सुबह के समय बिछवां, भोगांव और बरनाहल क्षेत्र में तेज बारिश हुई। बारिश से किसानों के चेहरों पर चिंता की लकीरें नजर आईं। उनका कहना था जिस तरह से पूरे दिन मौसम खराब रहा है। अगर ऐसा ही रहा और आने वाले दिनों में तेज बारिश हो गई तो फसलों को नुकसान होगा। दोपहर बाद मौसम कुछ साफ हुआ और धूप निकली, लेकिन शाम को मौसम में एक बार फिर बदलाव हो गया। शाम को आसमान में तेज बादल छा गए। जिलेभर में पूरे दिन सर्द हवाएं चलती रहीं।
देहात में बिजली रही गुल
मंगलवार की रात से शुरू हुई बूंदाबांदी के बाद बिछवां, भोगांव और बरनाहल क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। पहले तो सुरक्षा के लिहाज से आपूर्ति रोकी गई। बाद में मौसम में हुए बदलाव को देखते हुए आपूर्ति चालू कर दी गई।
बूंदाबांदी और बारिश के बीच देहात के कुछ इलाकों में विद्युत आपूर्ति सुरक्षा के लिहाज से बंद की गई थी। बुधवार देर शाम तक सभी इलाकों में विद्युत आपूर्ति चालू करा दी गई है।
रवि कुमार अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता विद्युत