मथुरा के गोवर्धन स्थित राधारानी कुंड में डूबकर एक युवक की मौत हो गई। हादसा बुधवार रात को हुआ। युवक पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जनपद का रहने वाला था। वो अपने साथियों के साथ ब्रज घूमने आया था।
दार्जिलिंग के मांटीगारा निवासी बापी बर्मन उर्फ बसुनंदन पुत्र धनीराम वर्मन अपने साथियों के साथ मथुरा आया था। बुधवार रात राधारानी कुंड के जानबा घाट की सीढ़ियों पर उतरते समय युवक का पैर फिसल गया।
पैर फिसलते ही बसुनंदन राधारानी कुंड में जा गिरा। उसके साथियों ने बताया कि उसे तैरना नहीं आता था। साथियों ने शोर मचाया। जब तक आसपास के लोग उसे बचाने के लिए पहुंचते, उससे पहले युवक राधाकुंड में डूब गया।
घटना की सूचना पर पहुंची राधाकुंड चौकी पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक को बाहर निकलवाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।