आगरा में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को रविवार को बारिश ने राहत दी। मानसून की तय तारीख 26 जून से 16 दिन बाद बादल आगरा में बरसे। दोपहर बाद 3 बजे बादलों के एकाएक घिर आने के बाद तेजी से बारिश शुरू हो गई। इससे तपती धरती के साथ आम लोगों को गर्मी से राहत मिली। 30 मिनट तक बादल बरसे तो गर्मी छूमंतर हो गई।
दिन में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम को बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और रात 9 बजे तक तापमान 33 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था। रात में तपिश से भी राहत मिली। शाम को आधे घंटे में 24.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि गरज चमक के साथ हवा की रफ्तार 42 किमी प्रति घंटे तक रही।
तीन दिन तक हो सकती है बारिश
मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिनों में राहत की बारिश के आसार हैं। दिन में एक से दो बार तक फुहारें और बारिश हो सकती है। यह सिलसिला दो से तीन दिन तक बना रह सकता है। दिन में अधिकतम तापमान इस दौरान 35 डिग्री सेल्सियस तक बना रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज हो सकती है।