भीषण गर्मी में प्यास बुझाती लड़की (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में मंगलवार को आसमान से अंगारे बरसे। जून की विदाई में इन दिनों मानसून की बारिश लोगों को भिगोती थी, लेकिन इस बार मानसून के रूठ जाने के कारण मंगलवार को लोग पसीने से भीगे। भारी उमस और गर्मी के बीच लोग बेहाल हो गए। अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा 42.9 डिग्री पर दर्ज किया गया।
प्रदेश में मंगलवार को सबसे गर्म शहर झांसी रहा, वहीं दूसरे स्थान पर आगरा रहा। पश्चिमी राजस्थान और आगरा समेत पड़ोसी जिलों में गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। मंगलवार को तापमान 42.9 डिग्री पर रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री दर्ज किया गया। रात में पारा प्रदेश में सबसे ज्यादा है। बीते साल 29 जून को दिन में पारा 41.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30.9 डिग्री रहा था। इस बार पारा बीते साल से ज्यादा है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले दो दिनों में लू के थपेड़े परेशान करेंगे। तापमान में दो से तीन डिग्री का इजाफा होने के आसार हैं। दिन भर गर्म हवाओं के थपेड़े झेलने होंगे। यह सिलसिला तीन दिन चल सकता है। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी तय है।