उत्तर प्रदेश में लगातार दूसरे दिन आगरा सबसे गर्म शहर रहा। दिन भर आसमान से अंगारे बरसते रहे। भीषण उमस के बीच पारा 42.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस तापमान ज्यादा होने के कारण लोग बेहाल हो गए। पूरे प्रदेश में केवल तीन शहर आगरा, मेरठ और अलीगढ़ ही ऐसे रहे, जहां पारा 40 डिग्री के पार रहा। अन्य जगहों पर तापमान 30 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक आज से मौसम में बदलाव आएगा और तीन दिन तक बारिश और बूंदाबांदी के आसार हैं। बादल, बारिश से दिन में पारा 36 डिग्री सेल्सियस पर आ सकता है।