सितंबर माह के अंतिम पखवाड़े में कासगंज जिले में हुई रिकॉर्ड बारिश के कारण फसलें काफी बर्बाद हो गईं। अब फिर से नौ अक्टूबर तक के लिए बारिश का अलर्ट है। बृहस्पतिवार को पूरे दिन घने काले बादल छाए रहे। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई। इसे लेकर किसान चिंतित हैं। उन्हें अब आलू और सरसों की फसल को लेकर चिंता सता रही है। कृषि विभाग ने भी बारिश को फसलों के लिए नुकसानदेह बताया है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने कहा कि किसान अभी सरसों की बुवाई न करें।
जिलेभर में सुबह से ही काले घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश भी हुई। मौसम विभाग का अलर्ट भारी बारिश का भी है। इससे कभी भी भारी बारिश जिले में हो सकती है। बिगड़े मौसम को लेकर किसान चिंतित हैं। किसानों ने बताया कि बारिश से पहले ही मक्का, बाजरा एवं धान की फसलों को काफी नुकसान हो चुका है। इस बारिश से आलू और सरसों की फसलों को भी नुकसान होगा।
सरसों की बुवाई भी तमाम खेतों में हो चुकी है। ऐसे में पानी भरने पर फसल नहीं पनपेगी। बारिश से काफी बर्बादी हो रही है। उनके इलाके में बारिश हुई है। तमाम किसानों की मक्का खेतों में पड़ी है। पिछली बारिश के कारण पकी फसलें बर्बाद हो गईं। अब फिर से बारिश होने लगी है। ऐसी स्थिति में फसलों का बचाव नहीं हो पाएगा और किसान पूरी तरह से बर्बादी के कगार पर पहुंच जाएंगे।