आगरा में शनिवार की सुबह से देर रात तक कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। सड़कों पर पानी भर गया तो गलियों में कीचड़ हो गई। लगातार बारिश से कार्यक्रम रद्द करने पड़े। स्कूलों में छुट्टी करनी पड़ी। किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है। कृषि विभाग को करीब 70 हजार हेक्टेयर में बाजरा, 5000 हेक्टेयर में तिल, उड़द व मूंग और 20 हजार हेक्टेयर में सब्जियों की फसल बर्बाद होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को तेज बारिश हो सकती है।
42 मिमी हुई बारिश,11 डिग्री लुढ़का पारा
शुक्रवार के बाद शनिवार को भी पूरे दिन आगरा में रिमझिम बारिश होती रही। 24 घंटों में 42 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। सुबह 5 बजे से 6:30 बजे तक तेज बारिश हुई, जबकि उसके बाद बूंदाबांदी होती रही, जो देर रात तक जारी रही। बारिश के कारण दिन में पारा सामान्य से 11 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। दिन में तापमान 24.3 डिग्री और रात में 21.9 डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिनों तक बारिश के आसार बने रहेंगे। रविवार को तेज बारिश हो सकती है।
बारिश से सड़कों पर हुआ जलभराव
बारिश से शहर में यातायात व्यवस्था चरमरा गई। कई जगह वाहन फंसे रहे। सीवर और पानी की लाइन के लिए की गई खुदाई के कारण गलियों और सड़कों पर छोड़ी गई मिट्टी से कीचड़ और फिसलन हो गई। फतेहाबाद रोड पर मेट्रो के काम के कारण हावर्ड पार्क प्लाजा से आईटीसी होटल के सामने तक जलभराव और कीचड़ बना रहा, जिससे वाहन चालकों को परेशानियां आईं। गढ़ी भदौरिया, लोहामंडी-जगदीशपुरा रोड, अलबतिया रोड, मारुति एस्टेट, बोदला रोड और अवधपुरी क्षेत्र में लोगों का पैदल निकलना मुहाल हो गया।
नरकपुरी में लोग हुए परेशान
अवधपुरी, दौरेठा क्षेत्र की कॉलोनियों में शनिवार की बारिश से हालात और खराब हो गए। छह कॉलोनियों में जनसमस्याओं का समाधान नहीं होने के विरोध में यहां के लोगों ने इन कॉलोनियों के नाम नरकपुरी, नाला सरोवर, दुर्गंधशील कॉलोनी, बदबू नगर, कीचड़ नगर रखे थे। बारिश से यहां सड़कों पर दो फुट तक पानी भर गया। कारें इस पानी में बंद हो गईं। दोपहिया वाहन भी बड़ी मुश्किल से निकल सके। गड्ढों के कारण कई लोग दिन में इन सड़कों से निकलने के प्रयास में गिरकर चोटिल हो गए।