तेज धूप और गर्मी से पर्यटक हुए परेशान
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में सूरज की तपिश और गर्म हवा गर्मी का सितम बढ़ा रही है। रविवार को आगरा सूबे में सबसे गर्म रहा। यहां दिन का तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के अनुसार अगले सप्ताह में पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, साथ ही विभाग ने 30 मार्च तक लू का अलर्ट जारी किया है।
रविवार सुबह छह बजे से तेज धूप निकली। सुबह 10 बजे से तपिश बढ़ने लगी। दोपहर एक बजे गर्म हवा से बचने के लिए लोग छांव तलाशते रहे। ताजनगरी में दिन का अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। यह सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। रात में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मार्च महीने में रविवार सबसे गर्म दिन रहा
मार्च के महीने में रविवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। शहर से ज्यादा गर्म फतेहपुरसीकरी रहा। यहां पारा 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रविवार को ताजमहल में पर्यटक दिनभर पसीने से बेहाल रहे। 16 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवा से यहां का तापमान बढ़ रहा है।