मौसम ने ओढ़ी कोहरे की चादर, ठिठुरे लोग
- नहीं हुए सूर्यदेव के दर्शन, अलाव के सहारे कटा पूरा दिन
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। रविवार को निकली धूप के बाद सोमवार को मौसम ने फिर से घने कोहरे की चादर ओढ़ ली। पूरे दिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके। लोगों को सर्दी से ठिठुरते हुए देखा गया। लोग दिनभर अलाव और हीटर का सहारा लेते हुए देखे गए। न्यूनतम तापमान आठ डिग्री तक पहुंच गया।
रविवार की रात से मौसम में घना कोहरा छा गया था। सोमवार की सुबह लोगों की आंख खुली तो हर तरफ कोहरा ही कोहरा था। कोहरे के कारण वाहनों के पहिये थम गए। वाहन दिन के समय भी फाॅग लाइट जलाकर चलते देखे गए। घने कोहरे के कारण तापमान गिरा तो लोगों के लिए अलाव ही सहारा बने। हर तरफ लोगों को अलाव और हीटर का सहारा लेते हुए देखा गया। दोपहर के समय कुछ राहत मिली लेकिन दो बजने के बाद फिर से मौसम में घना कोहना छा गया। सोमवार इस साल का पहला दिन था जब पूरे दिन इतना घना कोहरा छाया रहा हो।
तीन घंटे देरी से पहुंची कालिंदी एक्सप्रेस
घने कोहरे का असर बसों के साथ ही ट्रेन पर भी दिखाई दिया। कालिंदी एक्सप्रेस का मैनपुरी पहुंचने का समय 3.50 था यह तीन घंटे 13 मिनट देरी से मैनपुरी रेलवे स्टेशन पर 7: 03 मिनट पर पहुंची। इसके साथ ही फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन भी एक घंटा 18 मिनट देरी से पहुंची। सर्दी के बीच ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर सर्दी के बीच ठिठुरते हुए देखा गया।
चेयरमैन ने हर चौराहे पर अलाव जलाने के दिए निर्देश
घने कोहरे और सर्दी के बीच चेयरमैन संगीता गुप्ता ने लिपिक अरुण कुमार को निर्देश दिए कि शहर के हर चौराहे पर अलाव जलना चाहिए। किसी कीमत पर अलाव नहीं बुझना चाहिए। इसके लिए पर्याप्त लकड़ी की व्यवस्था की जाए। इसमें लापरवाही हुई तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें। रैन बसेरों को भी रात के समय निरीक्षण किया जाए। रैन बसेरा में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।