मैनपुरी में मौसम विभाग के पूर्वानुमान से लगभग 12 घंटे पहले ही मौसम ने करवट ली। मंगलवार को दोपहर बाद अचानक बादल घिर आए और रिमझिम बारिश शुरू हो गई। लगभग आधे घंटे तक जिलेभर में हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे मौसम ठंडा हो गया। फसलों के लिहाज से भी रिमझिम बारिश फायदेमंद साबित हुई है।
बीते करीब 15 दिनों से मौसम सामान्य बना हुआ था। इसके साथ ही मौसम में धीरे-धीरे बदलाव आना भी शुरू हो गया था। दिन में जहां गर्मी हो रही थी तो वहीं रात में मौसम ठंडा था। लोग अब दिन में भी गर्मी से राहत पाने का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच सोमवार को मौसम खराब होने का पूर्वानुमान जारी किया गया था। पांच अक्तूबर को बारिश होने की उम्मीद जताई गई थी।
दिन में मौसम हुआ ठंडा
पूर्वानुमान से 12 घंटे पहले ही मंगलवार को दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया। बादल घिरने के साथ ही रिमझिम बारिश शुरू हो गई। शहर से लेकर देहात तक हल्की रिमझिम बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया दिन में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे लोगों को ठंडक का अहसास रहा।
बुधवार को भी हो सकती है बारिश
फसलों के लिहाज से भी ये मौसम राहत भरा रहा। धान की फसल हो या फिर बाजरे की दोनों में ही रिमझिमम बारिश से कोई नुकसान नहीं हुआ है। मौसम वैज्ञानिक नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि बुधवार को भी हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि इससे कोई नुकसान नहीं होगा।