01एमएनपी-12-नव वर्ष पर लोहिया पार्क में मस्ती करते बच्चे
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। लगातार एक सप्ताह बाद बुधवार को मौसम ने करवट ली। सूर्यदेव ने दर्शन दिए और धूप निकलने से लोगों के चेहरे खिल गए। तापमान में छह डिग्री बढ़त हुई। न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम साफ होने से बाजारों में भीड़ रही।
दिसंबर के अंतिम सप्ताह में न्यूनतम तापमान तीन से चार डिग्री के बीच टिका रहा। बुधवार को मौसम मेहरबान हुआ तो सर्दी से ठिठुर रहे लोगों को राहत मिली। सुबह से ही धूप निकलने के चलते तापमान छह डिग्री चढ़कर नौ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दिन भर लोग धूप में गर्माहट लेते रहे। शाम को भी मौसम में राहत रही।
अधिकतम तापमान भी 16 डिग्री सेल्सियस होने के चलते शाम को भी अधिक सर्दी नहीं रही। दिन भर लोग अपने काम निपटाने में लगे रहे। बाजारों और सड़कों पर भी मौसम का असर साफ नजर आया। बाजारों में रोजाना की अपेक्षा अधिक भीड़ नजर आई।
मौसम साफ होने के चलते बच्चे भी खुश नजर आए। शहर के पार्कों में बच्चों ने जमकर मस्ती की। जेल चौराहा स्थित लोहिया पार्क और फूलबाग भी खूब भीड़ रही। कई दिनों से मौसम साफ न रहने के चलते बच्चों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया था।
मौसम विभाग पहले ही जनवरी के पहले सप्ताह में बारिश की आशंका जता चुका है। ऐसे में पहले से ही लोगों को चिंता है। बुधवार को धूप निकलने के बाद बारिश के आशंका और भी प्रबल हो गई है। इसके चलते किसान आलू की खोदाई में जुटे रहे।