अछनेरा,छ पोखर मार्ग पर भरा हुआ पानी
अछनेरा। सरकार भले ही सड़कों के निर्माण और गड्ढामुक्त अभियान पर करोड़ों रुपये खर्च करने के बड़े-बड़े दावे कर रही हो, लेकिन ब्लॉक अछनेरा क्षेत्र के गांव छह पोखर से फरह मार्ग तक की जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। इस मार्ग पर पिछले तीन वर्षों से स्थायी जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। नतीजतन, दर्जनों गांवों के हजारों लोगों काे आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
छह पोखर से फरह तक जाने वाला यह मार्ग अछनेरा, भरतपुर और मथुरा जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। स्थानीय निवासी दामोदर सिंह के अनुसार, प्रतिदिन इस मार्ग से छात्र-छात्राओं के अलावा आम लोग निकलते हैं। गांव के पास करीब दो किलोमीटर सड़क पर लंबे समय से गहरे गड्ढे और गंदा पानी भरा रहने के कारण यह मार्ग लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव की समस्या को लेकर ग्राम पंचायत सचिव से ब्लॉक अधिकारी,तहसील और संबंधित अधिकारियों तक कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। लगातार पानी भरे रहने से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। आए दिन बाइक सवार स्कूली बच्चे और बुजुर्ग सड़क पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कई बार गंभीर दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग और प्रशासन की उदासीनता बनी हुई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र जलनिकासी की व्यवस्था कर सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
समस्या का जल्द निस्तारण किया जाएगा
बारिश की वजह से सड़क पर पानी घर रहा है ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर संबंधित विभाग को अवगत कराकर जल्द समस्या का निस्तारण किया जाएगा।-दीपांकर, तहसीलदार किरावली