आगरा। बुधवार दोपहर में हुई बारिश ने ताजमहल का दीदार करने आए सैलानियों के साथ स्थानीय लोगों की मुसीबत बढ़ा दी। ताज के पश्चिमी गेट से नीम तिराहे तक नाला उफनाया तो ग्रेनाइट से बनी सड़क पर सिल्ट के साथ गंदा पानी भर गया। ताज के टिकट काउंटर से लेकर प्रवेश द्वार तक पानी भरा होने से सैलानियों को इनके बीच से निकलना पड़ा। क्षेत्रीय लोगों ने जलभराव की शिकायत की तो नगर निगम के जेडएसओ की टीम ने पहुंचकर नाले में फंसा कचरा निकाला। तब जाकर पानी निकल पाया।
ताजमहल के साथ ही ताजगंज की गलियां पानी में डूबी रहीं। नालियों के चोक होने और इस सीजन में सफाई न होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी ताजगंज के लोगों को हो रही है। बारिश के दौरान हाईवे पर केके नगर, दक्षिणांचल, सुल्तानगंज पुलिया सर्विस लेन, नगला पदी सर्विस लेन, खंदारी, आईएसबीटी के पास और गुरुद्वारा पुल पास पानी भर गया। शहर की सड़कों में कैलाशपुरी मोड़, अलबतिया रोड, शंकरगढ़ पुलिया, बल्केश्वर, केदार नगर, शाहगंज, साकेत कॉलोनी, गोविंद नगर, ईंट मंडी रोड, आवास विकास, सेक्टर चार, सेक्टर 6, सेक्टर 3, जोनल पार्क समेत सड़कों पर पानी भर गया। नालों के चोक होने के कारण देर रात तक यहां जलभराव रहा, जिससे स्कूली बच्चों के साथ ऑफिस से लौटने वाले लोग फंसे रहे।
- कुछ जगह नालों में फ्लोटिंग और कचरा फंस गया था, जिसे निकालने के बाद कुछ देर में ही पानी निकल गया। ताजमहल के पास ग्रेनाइट वाले हिस्से पर सिल्ट की धुलाई करा दी गई है।
- शिशिर कुमार, अपर नगर आयुक्त
- आज और कल तेज बारिश के आसार
- दो दिन से मौसम सुहाना है और रिमझिम बारिश लोगों को भिगो रही है। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को तेज बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक आज और कल आगरा तथा आसपास के जिलों में सुबह से शाम के बीच तेज बारिश भिगो सकती है। कुछ जगह भारी से भारी बारिश का अनुमान है। बुधवार को बारिश के कारण तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री रहा। करीब 6 मिमी बारिश दोपहर में दर्ज की गई।
पश्चिमी गेट से नीम तिराहे तक नाला उफनाया