आगरा। खुदाई में क्षतिग्रस्त होने के साथ लीक होती पानी की लाइनों की वजह से शहरवासियाें को जलसंकट से जूझना पड़ रहा है। मंगलवार को पाइपलाइन लीकेज की वजह से बने गड्ढे में फंसी बस के हटने के बाद मदिया कटरा में शुरू हुई मरम्मत बुधवार शाम को पूरी हो सकी। एक लाख की आबादी इससे प्रभावित रही। बुधवार को मरम्मत तो हो गई लेकिन घरों तक पानी बृहस्पतिवार सुबह पहुंचेगा।
बुधवार को फतेहाबाद रोड पर आई लव आगरा पाॅइंट तिराहे और आगरा किला के नजदीक जलकल की पाइपलाइन लीक हो गईं। पानी की बर्बादी के बीच जलकल विभाग ने बृहस्पतिवार शाम से मरम्मत का काम शुरू करने की बात कही है। इन दोनों ही जगहों पर करीब दस दिन पहले लीकेज की मरम्मत के चलते पानी की आपूर्ति बाधित हुई थी। आईएसबीटी के नजदीक गंगाजल की मुख्य पाइपलाइन ठीक करने का काम भी ग्रीन गैस कंपनी के ठेकेदार बृहस्पतिवार से शुरू कर सकते हैं। तीनों ही जगह काम शुरू करने के लिए पानी की आपूर्ति बंद की जाएगी जिससे लगभग दो तिहाई शहर में पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी।
जलकल महाप्रबंधक एके राजपूत ने बताया कि आईएसबीटी के नजदीक क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत के लिए सिकंदरा से आने वाली मुख्य लाइन को बंद किया जाएगा जिसके चलते कई क्षेत्रों में टंकियों में पानी की सप्लाई नहीं होगी। फतेहाबाद रोड व आगरा किला के पास हुई लीकेज को दुरुस्त कराने के लिए बृहस्पतिवार को काम शुरू किया जाएगा। कोशिश की जाएगी कि काम एक दिन में पूरा किया जाए ताकि लोगों को कम से कम असुविधा का सामना करना पड़े।