हरीपर्वत थाना क्षेत्र में मॉल में मरम्मत के लिए जलापूर्ति का वॉल्व बंद कर कॉलोनियों की जलापूर्ति बंद कर दी गई। इससे काले का ताल और दिल्ली गेट में 70-80 घरों के लोग परेशान हैं।
आगरा के दिल्ली गेट में मॉल में मरम्मत के लिए जलापूर्ति का वॉल्व बंद कर कॉलोनियों की जलापूर्ति बंद कर दी गई। इससे काले का ताल और दिल्ली गेट में 70-80 घरों के लोग परेशान हैं। पार्षद ने चेक कराया तो पता चला कि पानी की सप्लाई मॉल को दी जा रही है। पार्षद ने जीएम जलकल से जांच कराने की मांग की है।
विज्ञापन
वार्ड 95 के तहत आने वाले बाग फरजाना के काले का ताल, दिल्ली गेट इलाके के लोग जलापूर्ति नहीं होने से परेशान हैं। उन्होंने जलकल में जानकारी की तो पता चला कि पानी आपूर्ति निर्बाध चल रही है।
क्षेत्रीय पार्षद शरद चौहान शिकायत पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि कई जगह पानी आ रहा था। दिल्ली गेट पर ही एक मॉल में निर्माण कार्य चल रहा था। गंगाजल की जलापूर्ति पूरे प्रेशर से की जा रही थी। शक होने पर उन्होंने वॉल्व की जांच करवाई तो वॉल्व बंद मिला।
विज्ञापन
पार्षद का कहना है कि मॉल के लोगों ने कर्मचारियों से मिलीभगत कर कॉलोनियों की ओर जाने वाली लाइन के वॉल्व को ही बंद करा दिया। 6 दिन से लोग फॉल्ट की तलाश कर रहे थे, लेकिन मामला आपूर्ति रोके जाने का निकला।
बृहस्पतिवार को पार्षद ने जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता आदित्य कुमार और जेई विनीत चौधरी के साथ पहुंचकर लाइनों को चेक करवाया। कई जगह खुदाई करवाई गई। लेकिन कहीं लीकेज नहीं मिला। एक लीकेज मिला मगर वह हरीपर्वत की ओर का था। पार्षद ने जीएम जलकल से मामले की जांच कराने की मांग की है।