सिकंदरा वाटर वर्क्स के इनटैक चैनल की सफाई के चलते सोमवार से दो दिन के लिए पानी की सप्लाई बंद हो गई है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि सुबह के समय पानी सप्लाई देकर जल संस्थान ने पानी का संकट होने की स्थिति नहीं आने दी।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार पूर्वाह्न लगभग 11.30 बजे सिकंदरा वाटर वर्क्स के इनटैक चैनल की सफाई का कार्य शुरू हुआ। इसके लिए यमुना से वाटर वर्क्स को अशुद्ध पानी की सप्लाई करने वाली मशीनें बंद कर दी गईं। यमुना की तलहटी में होने कारण इनटैक चैनल की सफाई में मजदूरों को दिक्कत आई। देर शाम तक चैनल से सिल्ट निकालने का काम जारी रहा। जलकल का दावा है कि मंगलवार शाम तक इस चैनल की सफाई हो जाएगी। बुधवार से यह सुचारु रूप से काम करने लगेगा।
मोटरें नहीं खींच पा रही थीं पानी
चैनल में सिल्ट जमा होने की वजह से मशीनें यमुना का अशुद्ध पानी अपेक्षित मात्रा में नहीं खींच पा रही थीं। इसकी वजह से सिकंदरा वाटर वर्क्स को शोधन के लिए पानी कम मिल पा रहा था। ऐसे में इससे जुड़े क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित हो रही थी। हालांकि यमुना की तरफ खुलने वाले चैनल के गेट पर लोहे की जाली लगी हुई है। इससे पानी के साथ आने वाला नदी का कचरा तो रुक जाता था लेकिन सिल्ट जमा हो रही थी।
नदी का पानी रोकने को लगाए बंधे
सफाई कार्य से पहले नदी का पानी इनटैक चैनल की ओर जाने से रोकने के लिए नदी में बंधे लगाए गए। बोरियों में बालू भरकर नदी में एक के ऊपर एक करके रखा गया।
स्टोर किए पानी से होगी आंशिक सप्लाई
सफाई कार्य शुरू होने से पहले सिकंदरा वाटर वर्क्स पर टैंकों में यमुना का ‘रॉ वाटर’ पहले से एकत्रित करके रखा गया है। इसी के शोधन के बाद मंगलवार सुबह आंशिक सप्लाई की जाएगी।
यहां जलापूर्ति रही ठप
. लॉयर्स कालोनी, साकेत कालोनी, आवास विकास, बोदला, जगदीशपुरा, मारुति एस्टेट, विनय नगर, केदार नगर, शाहगंज, साकेत कालोनी, पांडव नगर, मानस नगर, अलबतिया रोड, भोगीपुरा आदि क्षेत्रों सप्लाई बाधित रही।
जरूरत पड़ने पर
भेजे जाएंगे टैंकर
जलापूर्ति बाधित रहने से जिन क्षेत्रों में पानी की समस्या ज्यादा होगी वहां जल संस्थान ने टैंकर भेजने की व्यवस्था की है। इसके लिए जीवनी मंडी वाटर वर्क्स पर मौजूद कई टैंकर प्रयोग किए जा सकते हैं। विभाग का दावा है कि पानी का संकट नहीं आने दिया जाएगा।
वर्जन
सिकंदरा वाटर वर्क्स के इनटैक चैनल का सफाई कार्य शुरू हो गया है। मगर, इससे पहले सोमवार सुबह पानी की सप्लाई दी गई थी। थोड़ा पानी स्टोर करके रखा गया है, इससे मंगलवार सुबह आंशिक सप्लाई होगी।
- मंजू रानी गुप्ता, महाप्रबंधक, जलकल