मदिया कटरा तिराहे पर लीक हुई जलकल विभाग की पाइप लाइन की वजह से बुधवार शाम को आधे शहर में जलापूर्ति नहीं हुई। जलकल विभाग के कर्मचारी मरम्मत करने पहुंचे तो चौराहे पर दिनभर जाम के हालात रहे। जलकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार सुबह भी जलापूर्ति बाधित रहेगी।
मदिया कटरा तिराहे पर 1200 एमएम की लाइन लीक हो गई थी। इसकी मरम्मत के लिए जलकल विभाग की टीम बुधवार सुबह पहुंची। जेसीबी से बड़ा गड्ढा खोदकर लाइन को ठीक करने का काम शुरू हुआ। मरम्मत की वजह से मदिया कटरा से लोहामंडी रोड की एक लेन को बंद करना पड़ा। सड़क बंद होने की वजह से दिनभर जाम रहा। लोगों को घंटों जाम में परेशान होना पड़ा। लोहामंडी रोड के साथ-साथ दिल्ली रोड पर भी हालात बिगड़े रहे। दोपहर में छुट्टी के वक्त तो हालात और भी खराब हो गए। वहीं सिकंदरा वाटर वर्क्स से होने वाली पूरी सप्लाई बंद करनी पड़ी है। जलकल विभाग के अधिशासी वीके गुप्ता और राजेंद्र आर्य ने बताया कि लाइन देर रात ठीक हो जाएगी लेकिन गुरुवार सुबह जलापूर्ति नहीं हो पाएगी। शाम को वाटर सप्लाई सुचारु कर दी जाएगी।
इनबाक्स...
यहां रही पेयजल की किल्लत
आवास विकास कालोनी, सिकंदरा, बोदला, हलवाई की बगीची, लोहामंडी, जयपुर हाउस, केशव कुंज, शाहगंज प्रथम, नाई की मंडी, शाहगंज द्वितीय, केदार नगर, संजय प्लेस, सूर्य नगर।