मैनपुरी। देवी रोड पर सोमवार की रात गैस लाइन बिछाए जाने के दौरान नगर पालिका की पानी सप्लाई लाइन टूट गई। इससे शहर के छह मोहल्लों के पांच हजार घरों में मंगलवार को पानी नहीं पहुंचा। लगभग 30 हजार लोग इससे प्रभावित हुए। दिनभर लोग पीने के पानी के लिए भटकते रहे। नगर पालिका ने गैस लाइन बिछाने वाली कंपनी पर कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा है।
शहर में गैस लाइन बिछाए जाने का काम चल रहा है।
सोमवार की रात देवी रोड पर राजा के बाग के लिए जाने वाले रास्ते के पास पानी की मुख्य पाइप लाइन टूट गई। इससे मोहल्ला राजा का बाग, नगला टाल, देवी रोड, मदार गेट, सौतियाना और चौथियाना के करीब पांच हजार घरों में पानी की सप्लाई बाधित हो गई। स्थानीय सभासद ने नगर पालिका को जानकारी दी। पालिका ने मरम्मत कार्य शुरू करा दिया। बुधवार शाम को पेयजल आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है।
15 दिन में तीसरी बार की पानी की सप्लाई लाइन टूटी
शहर में पिछले 15 दिन के अंदर तीसरी बार नगर पालिका की पाइप लाइन टूटी है। 11 सितंबर को आश्रम रोड पर पेयजल लाइन टूटी थी। इससे पहले कचहरी रोड पर लाइन क्षतिग्रस्त हुई थी। पाइप लाइन टूटने के बाद नगर पालिका ने तीसरी बार फिर जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। उन्होंने कार्यदायी संस्था पर लाइन की मरम्मत में आने वाला खर्च दिलाए जाने की मांगी की है।
मंगलवार सुबह नल से पानी नहीं आया है। इससे परिजनों को परेशान होना पड़ा। पता करने पर नगर पालिका ने बताया कि सप्लाई लाइन टूूटी है।
आलोक कुमार, मोहल्ला राजा का बाग
गर्मी के मौसम में लोग पीने के पानी के लिए परेशान हैं। नगर पालिका को मरम्मत कार्य जल्द से जल्द कराना चाहिए।
सुमंत कुमार, देवी रोड
नगर पालिका प्रशासन को इस समस्या को लेकर उच्चाधिकारियों से बात करनी चाहिए। बार-बार जनता को परेशानी से जूझना पड़ रहा है।
कमल कुमार, मदार दरवाजा
घर में पानी नहीं आया है। लोगों ने मोहल्लों में लगे सरकारी हैंडपंप और आस पड़ोस में लगे सबमर्सिबल से पानी भरा है। सूरज सिंह, सौतियाना
गैस लाइन बिछा रही संस्था ने उनसे किसी प्रकार का अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं लिया है। शहर में पानी की लाइन को बार-बार ध्वस्त किया जा रहा है। इससे नगर पालिका पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। नगर के लोगों को परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। जिलाधिकारी को तीसरी बार पत्र लिखा जा रहा है। लाइन को ठीक कराने का कार्य भी शुरू करा दिया गया है। बुधवार शाम तक आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी। - लालचंद भारती, ईओ नगर पालिका