मैनपुरी। त्योहारी सीजन में वार्ड संख्या तीस पुरोहिताना के वाशिंदे बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। यहां हरिहर मंदिर परिसर में स्थापित नलकूप की मोटर तीन दिन में दो बार फुंक चुकी है। नगर पालिका प्रशासन बिजली विभाग को दोष दे रहा है। वहीं दो हजार परिवारों में पानी की सप्लाई बाधित होने से लोग परेशान हैं।
नगर पालिका ने वार्ड संख्या 30 मोहल्ला पुरोहिताना पुरानी मैनपुरी इलाके में पानी की सप्लाई के लिए हरिहर मंदिर पर नलकूप की स्थापना की गई है। तीन दिन पूर्व यहां नलकूप की मोटर फुंक गई थी। इसके बाद नगर पालिका ने दो अक्तूबर को फिर से नई मोटर डलवाई, लेकिन बिजली आपूर्ति में दिक्कत के बाद महज दस मिनट बाद ही फिर से नई मोटर भी फुंक गई। नगर पालिका के जेई पूरन सिंह का कहना है कि बिजली विभाग में शिकायत दर्ज कराई गई है।
वोल्टेज कम-ज्यादा होने के कारण मोटर फुंक रही है। नलकूप की मोटर फुंकने के कारण पुरानी मैनपुरी इलाके के दो हजार घरों में पानी की सप्लाई बाधित हो गई है। इसके चलते लोगों को परेशानी से जूझना पड़ रहा है। मोहल्ले के लोगों ने शीघ्र सप्लाई की मांग की है।
पूूजापाठ में हो रही परेशानी
इन दिनों नवरात्र चल रहे हैं, ऐसे में पुरोहिताना मोहल्ले के लोग पानी के लिए परेशान हैं। समय पर पानी न मिलने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पूजापाठ में भी परेशानी हो रही है।
गर्मी के सीजन के दौरान रीबोर चलता रहा। अब बार-बार मोटर फुंक रही। न तो नगर पालिका इस तरफ ध्यान दे रही है और न ही बिजली विभाग। परेशानी जनता को उठानी पड़ रही है।
राकेश कुमार
तीन दिन से मोहल्ले में पानी की सप्लाई बंद है। नगर पालिका ने दो अक्तूबर को दूसरी मोटर डाली थी, लेकिन वह भी फुंक गई। नगर पालिका कर्मचारी कहते हैं कि बिजली विभाग की दिक्कत है।
नेत्रपाल
मोहल्ले के लोगों को पानी के लिए दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। पड़ोसी अपने यहां से पानी देने में आनाकानी कर रहे हैं। नहाना धोना तो छोड़ों पीने के पानी तक की दिक्कत चल रही है।
राजू
बार-बार नलकूप खराब होने से मोहल्ले के लोगों को पीने के पानी की दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी को चाहिए कि वे दोनों विभागों के अधिकारियों से बात कर समस्या का स्थाई निराकरण कराएं।
सत्यपाल
हरिहर मंदिर पर लगे नलकूप की मोटर बुधवार को बदलवाई गई थी, लेकिन जैसे ही मोटर शुरू की गई वोल्टेज की दिक्कत के कारण फिर से मोटर फुंक गई। बिजली विभाग से इस संबंध में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसका नुकसान नगर पालिका को भुगतना पड़ रहा है।
पूरन सिंह, जेई जलकल नगर पालिका मैनपुरी