किशनी के गांव कन्हूंपुर में खराब हैंडपंप को लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण।
- फोटो : MAINPURI
किशनी(मैनपुरी)। क्षेत्र के गांव कन्हूंपुर में हैंडपंप खराब होने के चलते पेयजल संकट गहराने लगा है। पीने के पानी से लेकर नहाने के लिए भी लोगों को दूसरे मोहल्ले से पानी लेने जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने जिला पंचायत राज अधिकारी से हैंडपंप सही कराने की मांग की है।
गांव कन्हूंपुर में लगा एक हैंडपंप नौ माह से खराब पड़ा हुआ है। इस हैंडपंप से दो दर्जन से अधिक परिवार पानी भरते हैं। कई बार इन लोगों ने ग्राम प्रधान जितेंद्र शाक्य से हैंडपंप सही कराने की मांग की, लेकिन उन्होंने एक नहीं सुनी। ऐसे में ग्रामीणों को दूसरे मोहल्ले में पानी भरने के लिए जाना पड़ता है।
एक ही हैंडपंप पर अधिक दबाव बढ़ने से यहां भी लाइन लगनी शुरू हो गई है। रविवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रधान पर गांव में विकास कार्य न कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई बार कहने के बाद भी आखिर हैंडपंप क्यों सही नहीं हुआ? ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जिला पंचायत राज अधिकारी से हैंडपंप सही कराने की मांग की है।
मांग करने वालों में रिंकू राजपूत, जवाहरलाल, श्रीगोविंद, रामधनी, अमित आदि शामिल हैं। वहीं खंड विकास अधिकारी गणेश प्रसाद का कहना है कि ग्राम प्रधान से जानकारी कर जल्द से जल्द हैंडपंप सही कराया जाएगा।