मृतक किसान पुत्तूलाल का फाइल फोटो
- फोटो : MAINPURI
बेवर(मैनपुरी)। थाना क्षेत्र के गांव मद्दापुर खास में शनिवार की शाम खेत की रखवाली कर रहे किसानों को एक सांड़ ने पटक कर मार डाला। खेत में बाजरे की फसल खाने के लिए घुसे सांड़ को भगाने पर वह हमलावर हो गया। गांव मद्दापुर खास निवासी 75 वर्षीय किसान पुत्तूलाल पुत्र लालजीत शनिवार शाम को खेत में खड़ी बाजरे की फसल की रखवाली करने के लिए गए थे।
इस बीच एक सांड़ खेत में घुसने लगा। परिजनों के अनुसार पुत्तूलाल ने उसे भगाने की कोशिश की। इस पर सांड़ हमलावर हो गया। उसने किसान को कई बार उठाकर जमीन पर पटका। इससे किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख पुकार सुनकर आसपास के खेतों में मौजूद किसान मौके पर पहुंचे और सांड़ को भगाया।
इसके बाद पुत्तूलाल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। किसान की मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है।
किसान के परिवार की हरसंभव मदद कराई जाएगी। साथ ही सांड़ को पकड़वाकर गोशाला भेजवाया जाएगा।
-पीसी आर्य, एसडीएम भोगांव।