फ्रेंड्स कालोनी में गन्दे पानी की सप्लाई
- फोटो : Agra City
आगरा। शाहगंज क्षेत्र की फ्रेंड्स कॉलोनी, चार बाग में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। 22 जनवरी को नगर आयुक्त निखिल टी फुंडे के दौरे के दौरान लोगों ने गंदे पानी की शिकायत की थी, पर जलकल के इंजीनियरों ने पानी गंदा न होने की रिपोर्ट दे दी। फ्रेंड्स कॉलोनी और चार बाग क्षेत्र में अब भी गंदे पानी की आपूर्ति से लोग परेशान है।
बी-79 निवासी अनुपम शर्मा ने क्षेत्रीय पार्षद आशीष पाराशर को गंदे पानी को बोतल और बाल्टी में भरकर दिखाया और कहा कि सप्ताहभर से इसी तरह का गंदा पानी आ रहा है। शिकायत करने पर भी इंजीनियर आ नहीं रहे। पूरी कॉलोनी में गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत मिल रही है। नालियों से होकर निकल रहे जलकल के पाइप कहीं से लीकेज है, इसीलिए समस्या बरकरार है।
पार्षद आशीष पाराशर ने कहा कि जलकल के कर्मचारी किसी शिकायत को गंभीरता से नहीं ले रहे। फ्रेंड्स कॉलोनी में गंदा पानी आ रहा है तो सोरों कटरा की टूटी लाइन को तीन दिन से ठीक नहीं किया।
दूसरी तरफ कैलाशपुरी में पार्क एक्सपोर्ट के सामने पानी की पाइपलाइन लीक होने पर शुक्रवार को मरम्मत का काम शुरू किया गया, लेकिन डी-वाटरिंग के लिए लगाया गया पंप ही खराब हो गया। शाम को 5 बजे पंप की मरम्मत कराई गई, तब डी-वाटरिंग का काम शुरू किया गया। यहां तीन दिन पहले एक बहुमंजिला इमारत में पानी का कनेक्शन किए जाने के दौरान पानी की पाइप लाइन टूट गई थी। जलकल विभाग के सचिव वीबी सिंह ने बताया कि शाहगंज में गंदे पानी की शिकायत पर टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।