आगरा। शुक्रवार को शहर में पानी का संकट बना रहा। कैलाश पुरी रोड पर जलकल विभाग की 600 मिमी व्यास की पानी की पाइपलाइन लीक हो गई। गंगाजल सड़क पर बहकर बर्बाद होता रहा। वहीं मदिया कटरा, बिल्लोचपुरा, हलवाई की बगीची क्षेत्र के 8 हजार लोग पानी के लिए परेशान रहे। काजीपाड़ा और अर्जुन नगर में भी पानी नहीं पहुंचा।
कैलाशपुरी रोड पर मानसिक स्वास्थ्य संस्थान के पास जलकल विभाग की इस पाइपलाइन लीकेज हुआ। लीकेज के कारण लाइन में प्रेशर कम होने से आसपास की जलापूर्ति पर असर पड़ा। यहां पर रातभर पानी बहता रहा। सुबह लोगों ने जलकल विभाग को जानकारी भी दी लेकिन शुक्रवार की सुबह तक किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। लीकेज के कारण पानी का प्रेशर कम हो गया है। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में पानी नहीं पहुंच पाया। मदिया कटरा रोड, बिल्चोचपुरा, हलवाई की बगीची, सेंट्रल जेल के आसपास का हिस्सा और कैलाशपुरी रोड की कॉलोनियों के 8 हजार लोग पानी के लिए परेशान रहे।
अर्जुन नगर में शाम को नहीं मिला पानी
अर्जुन नगर और अजीत नगर क्षेत्र में शुक्रवार की शाम को जलापूर्ति नहीं हो पाई। क्षेत्रीय निवासी राजकुमार नागरथ ने बताया कि शाम को 6 बजे से लोग पानी का इंतजार करते रहे। लेकिन सप्लाई नहीं हुई। भीषण गर्मी में कूलर और दैनिक जरूरत के लिए पानी की मांग ज्यादा है लेकिन पानी मिल नहीं रहा। बिजली की कटौती के कारण अधिकारी पानी की सप्लाई नहीं होने की बात कह रहे हैं।
काजीपाड़ा में पानी के लिए भटकीं महिलाएं
वार्ड नंबर एक काजीपाड़ा में भी पानी का आपूर्ति नहीं हुई। महिलाएं पानी के लिए भटकती रहीं। आसपास में सबमर्सिबल वाले घरों से पानी लिया गया। पार्षद ज्ञानवती ने बताया कि भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों को पानी भरने के लिए आसपास की बस्तियों में जाना पड़ता है। सुबह से देर रात तक लोग साइकिल और स्कूटर पर पानी ढो रहे हैं। कई बार समस्या के विषय में जलकल विभाग के अधिकारियों को बताया है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। पार्षद ने इस संबंध में नगर आयुक्त को पत्र लिखा है।