मानसून में उफनाते नालों के पानी का बहाव पानी की पाइपलाइनें नहीं रोक पाएंगी। काजीपाड़ा, लोहामंडी और लंगड़े की चौकी में नालों के अंदर से पानी की 30 इंच की पाइपलाइनें निकल रही हैं जो बारिश के पानी में रुकावट लाती हैं। ऐसे में जलकल विभाग लंगड़े की चौकी के बाद इन दोनों जगहों पर पाइप लाइनें शिफ्ट करने का काम करेगा। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने निरीक्षण के बाद जलकल विभाग को यह निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने नालों की सफाई के साथ ही इनके अंदर से निकल रही पानी की पाइप लाइनें हटाने के निर्देश दिए हैं। तेजी से पानी आने पर पाइपलाइन के कारण बहाव रुकता है, जिससे पीछे के क्षेत्रों में जलभराव होने लगता है और देरी से पानी निकलता है। जलकल विभाग के महाप्रबंधक एके राजपूत ने बताया कि पाइपलाइन नालों के ऊपर से इस तरह शिफ्ट की जाएंगी कि नालों का पानी उसे छू न सके।
नगर आयुक्त महोदय के निर्देश पर लंगड़े की चौकी, लोहामंडी और काजीपाड़ा नाले को चिह्नित किया गया है। लंगड़े की चौकी में 32 इंच व्यास वाली पाइपलाइन की शिफ्टिंग का कार्य कर दिया गया है। इसी नाले से 16 इंच व्यास वाली इस पाइप लाइन को भी शिफ्ट करने का कार्य शुरू किया जाएगा। काजीपाड़ा नाले से 10 इंच व्यास की पाइपलाइन शिफ्ट की जाएगी। नाले से पाइपलाइन हटाने के बाद लीकेज के दौरान गंदा पानी आने की शिकायत भी खत्म हो जाएगी।
ये भी पढ़ें - Taj Mahal: ताजमहल के मुख्य मकबरे की छत में कहां से आ रहा पानी, 84 साल बाद फिर हुआ ऐसा
तीसरे दिन मिला पानी, 67 टैंकर भेजे
लंगड़े की चौकी से शिफ्ट की गई पाइपलाइन का काम शुक्रवार सुबह तक पूरा हो पाया। इससे दोपहर में डायरेक्ट लाइन से 12.20 बजे सप्लाई दी गई, जबकि घटवासन, कमला नगर, बल्केश्वर आदि क्षेत्रों में शाम 6 बजे जलापूर्ति मिली। लंगड़े की चौकी में भी शाम को पानी मिल पाया। लोगों को तीसरे दिन ही सप्लाई मिल पाई, जबकि जलकल विभाग ने 4 जून की शाम और 5 जून की सुबह-शाम की आपूर्ति बाधित रहने की जानकारी दी थी। लोगों को शुक्रवार शाम को पानी मिला। जलकल विभाग ने शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्रों में 67 टैंकरों के जरिए पानी भेजा। विभाग के कंट्रोल रूम में 125 से ज्यादा शिकायतें पानी के लिए आई थीं, जिन्हें टैँकरों के जरिए पानी पहुंचाया गया।
ये भी पढ़ें - सोहेल के नहीं कांपे हाथ: गला दबाकर हत्या...फिर लाश को ईंट से कुचलता रहा, कत्ल की ऐसी वारदात; कांप गया कलेजा
गंदे पानी की आपूर्ति
शुक्रवार की शाम को लोगों को पानी मिला, लेकिन सप्लाई शुरू होते ही गंदा पानी आया। लंगड़े की चौकी निवासी पंकज अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार शाम को 3 दिन के बाद पानी आया। जो पानी मिला, वह दुर्गंधयुक्त और काला निकला। आधे घंटे के बाद आपूर्ति में साफ पानी आया। छोटी लाइनें भी जगह-जगह से लीक हो रही हैं, जो नालियों से होकर निकली हैं। जिस तरह से बड़े पाइप हटवाए जा रहे हैं, वैसे ही नालियों से निकल रहीं लाइनों को हटवाया जाए।