डालूपुर में जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए रैली निकालते डीएम व एसपी
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी- बरनाहल। क्षेत्र के गांव डालूपुर स्थित दयानंद देव स्वामी इंटर कॉलेज में जल शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ ही रैली भी निकाली गई। कार्यक्रम में जिलाधिकारी पीके उपाध्याय ने कहा कि बरनाहल डार्क जोन में है। अगर इसे सामान्य की श्रेणी में लाना है तो पानी बचाना होगा। इसके लिए हमें व्यर्थ बरबादी पर आज से ही रोक लगानी होगी।
उन्होंने कहा कि हम सब खाने के बिना कई दिनों तक रह सकते हैं, लेकिन पानी के बिना एक पल भी नहीं रह सकते हैं। पुलिस अधीक्षक अजय शंकर राय ने जल संरक्षण के साथ ही बालिका सुरक्षा की भी जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय में पौधरोपण के बाद जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से गांव के लोगों के पानी बचाने के लिए प्रेरित किया गया।