बेवर में सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त हुई रोडवेज बस
- फोटो : MAINPURI
बेवर (मैनपुरी)। कानपुर से मैनपुरी आ रही रोडवेज बस में शनिवार को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दौरान हादसे में 10 यात्री घायल हो गए। इस बीच बस की चपेट में बाइक भी आ गई। इससे बाइक सवार भी घायल हो गया। विकास नगर डिपो की रोडवेज मिनी बस कानपुर से मैनपुरी सवारी लेकर आ रही थी। शनिवार सुबह करीब साढ़े बारह बजे रामलीला मैदान के पास बस सवारियां ले रही थी। उस समय बस में करीब 20 यात्री बैठे हुए थे।
तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। बस की चपेट में आकर एक बाइक सवार भी घायल हो गया। वहीं वहां खड़ीं दो कार भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद सवारियों की चीख पुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हादसे में बस में सवार 10 यात्री घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। घायल बाइक सवार को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने ट्रक चालक शमशेर निवासी रामादाई खेड़ा थाना नेहुआ लखनऊ को हिरासत में ले लिया। वहीं, ट्रक थाने में खड़ा कराया है।