22एमएनपी-32-काक नदी में निरीक्षण करते डीपीआरओ स्वामीदीन
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। ईशन नदी का पुराना वैभव लौटाने के लिए जिला प्रशासन प्रयास कर रहा है। अब इस प्रयास को काक नदी संजीवनी देगी। नदी की सफाई के दौरान सामने आई ईशन की सहायक नदी को जीवनदान देने की भी मुहिम शुरू हो गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने नदी का निरीक्षण का योजना तैयार की।
जिले में ईशन नदी की सफाई का काम चल रहा है। ग्राम पंचायत क्षेत्र में प्रधान और सचिवों द्वारा नदी की सफाई कराई जा रही है। इसी के चलते शुक्रवार को डीपीआरओ स्वमीदीन ईशन नदी में सफाई कार्य का निरीक्षण करने और पानी की उपलब्धता देखने निकले थे। निरीक्षण के दौरान उन्हें रूपपुर भरतपुर गांव के पास एक अन्य नदी होने की सूचना मिली। निरीक्षण किया तो ग्रामीणों ने बताया ये काक नदी के नाम से जानी जाती है। ये कभी ईशन की सहायक नदी हुआ करती थी।
इसके बाद डीपीआरओ ने पूरी जानकारी की तो पता चला कि काक नदी कुरावली नहर से निकलकर ईशन में रूपपुर भरतपुर के पास मिलती है। अगर इस नदी में पानी आ जाए तो ईशन का जलस्तर बढ़ाया जा सकता है। इसके लिए पंचायत राज विभाग ने योजना बनानी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह को इससे अवगत कराया गया है।
डीपीआरओ स्वामीदीन ने बताया कि काक नदी को कनक नदी के नाम से भी जाना जाता है। जिन ग्राम पंचायतों से होकर ये गुजरती है उनको चिह्नित कराया जा रहा है। जल्द ही जिलाधिकारी के आदेश पर इसकी सफाई भी कराई जाएगी।