फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा: 'गंगाजल' की आपूर्ति प्रभावित होने से आधे शहर को नहीं मिल सका पानी, आज भी किल्लत

Mon, 22 Nov 2021 10:36 AM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, आगरा

सार

बुलंदशहर के पालड़ा फॉल से गंगाजल की आगरा में आपूर्ति में कमी के कारण रविवार को जल संकट रहा। सिकंदरा वाटरवर्क्स से जुड़े आधे शहर को पानी नहीं मिला। सोमवार की रात तक जलापूर्ति में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। ऐसे में मंगलवार को राहत मिल सकती है।
विज्ञापन
टैंकी से पानी भरती किशोरी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा में पालड़ा फॉल से शनिवार शाम से ही पानी के प्रेशर और मात्रा में कमी आना शुरू हो गई थी। इस कारण लोहामंडी पंपिंग स्टेशन की टंकियां खाली रहीं। रविवार को पानी की मात्रा 150 की जगह 55 क्यूसेक तक ही रह गई। इससे सिकंदरा वाटरवर्क्स पर गंगाजल का प्लांट बंद करना पड़ा। यमुना जल का एमबीबीआर प्लांट चलाने के बाद भी राहत नहीं मिल सकी। 

विज्ञापन


प्रेशर कम होने से लोहामंडी, आवास विकास, लॉयर्स कॉलोनी, केदार नगर की टंकियों में पानी नहीं पहुंच सका। ऐसे में लोहामंडी, आलमगंज, गोकुलपुरा, बाड़ा चरन सिंह, बल्का बस्ती समेत कई इलाकों में पानी नहीं मिला। उधर, पुराने शहर में लाइन लीकेज के कारण दूसरे दिन भी लोगों को जल संकट का सामना करना पड़ा। वहीं आज भी पानी की किल्लत बनी रहेगी। 

दो दिन से नहीं आया पानी
गोकुलपुरा निवासी रॉकी ने कहा कि गोकुलपुरा में दो दिन से पानी नहीं आया है। सबमर्सिबल पंप भी खराब पड़े हैं। ऐसे में आरओ का पानी खरीदकर इस्तेमाल करना पड़ रहा है। सर्दियों में भी पानी की किल्लत हो रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

टैंकर से भी आपूर्ति नहीं 
शाहगंज निवासी गजेंद्र सिंह ने कहा कि शाहगंज में शनिवार से ही पानी नहीं आ रहा है। टैंकर से भी सप्लाई नहीं की जा रही है। काफी दिक्कत हो रही है। जल निगम को लोगों की परेशानी से कोई सरोकार नहीं है। 

गंगाजल का प्लांट नहीं चल सका
जलकल के महाप्रबंधक आरएस यादव ने कहा कि पालड़ा से पानी की आपूर्ति कम हो रही है। इसलिए सिकंदरा पर गंगाजल का प्लांट नहीं चल पा रहा है। जो गंगाजल मिला, उसे जीवनी मंडी वाटरवर्क्स भेजा गया। सोमवार की रात तक जलापूर्ति में सुधार की उम्मीद है लेकिन फिर भी पानी पूरा नहीं मिल पाएगा। 

कृष्णा कॉलोनी में लीकेज ठीक हुआ लेकिन पानी नहीं मिला
कृष्णा कॉलोनी में जलकल विभाग की पाइपलाइन में लीकेज के कारण शनिवार को जलापूर्ति बाधित रही थी। जीवनी मंडी पर भी लीकेज हो गया था। रविवार को लीकेज तो ठीक कर दिया गया लेकिन लोगों को पानी फिर भी नहीं मिल सका। 

लगातार दूसरे दिन भी काला महल, धूलियागंज, बेलनगंज, जीवनी मंडी, गुदड़ी मंसूर खां में लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ा। बेलनगंज के दीपू पहलवान ने बताया कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण दो दिन से पानी नहीं मिल पा रहा है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें