किशोरपुरा रोड किनारे पानी भरता स्थानीय निवासी
- फोटो : अमर उजाला
आगरा के यमुना पार नाई की सराय ट्यूबवेल योजना में तीन ट्यूबवेल बंद होने के कारण क्षेत्र की 12 कॉलोनियों में पानी का संकट गहरा रहा है। नाई की सराय में दो ट्यूबवेल का पानी उतर जाने के कारण री-बोरिंग करानी होगी, जबकि एक अन्य बिजली फीडर में कम वोल्टेज के कारण नहीं चल पा रहा।
ग्रामीण इलाके से जुड़े ट्यूबवेल योजना को टोरंट पावर से जोड़ने की मांग की गई, लेकिन वोल्टेज की खामी के कारण यमुना पार के लोग पानी का संकट झेल रहे हैं। वोल्टेज के कारण आधी क्षमता पर ही 13 मोटरें चल पा रही हैं, जिससे कॉलोनियों में पानी का प्रेशर नहीं पहुंच पा रहा।
क्षेत्रीय पार्षद मिथिलेश ने जलकल विभाग में भी शिकायत की है कि यमुना पार में ट्यूबवेल योजना के 16 में से 3 ट्यूबवेल बंद पड़े हैं। तीनों ट्यूबवेल से पानी न मिल पाने के कारण टेढ़ी बगिया, नाई की सराय क्षेत्र की कॉलोनियों में पानी नहीं पहुंच पा रहा। वह दो साल से नाई की सराय में ट्यूबवेल को शहरी फीडर से जोड़ने की मांग कर रही हैं।
टेढ़ी बगिया के यशपाल के मुताबिक जलकल विभाग यमुना पार की शिकायतों को लेकर गंभीर नहीं है। बीते साल सांसद, मेयर, विधायकों की बैठक के बाद भी कोई तात्कालिक राहत के कदम नहीं उठाए गए हैं।
एस्टीमेट बनाने के लिए कहा है
जलकल विभाग के आरएस यादव ने कहा कि यमुना पार नाई की सराय ट्यूबवेल योजना में दो ट्यूबवेल का पानी नीचे उतर गया है, जिसकी री-बोरिंग करानी पड़ेगी। इसके लिए एस्टीमेट बनाने के लिए कहा गया है। अन्य में वोल्टेज की दिक्कत रहती है, जिससे पानी पूरी क्षमता के साथ नहीं चल पाता। दोनों समस्याएं जल्द दूर कराएंगे।
गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत तो आपूर्ति बंद की
जगदीशपुरा, प्रताप नगर, गढ़ी भदौरिया क्षेत्र में गंदे पानी की आपूर्ति पर लोगों ने जब जलकल विभाग के कार्यालय पर शिकायत की तो लीकेज तलाशने की जगह क्षेत्र की सप्लाई बंद कर दी गई। प्रताप नगर स्थित बुर्जीवाला मंदिर पार्क के पास बनी जलकल विभाग की टंकी से जगदीशपुरा के किशोरपुरा, त्रिवेणी नगर, गढ़ी भदौरिया क्षेत्र में जलापूर्ति होती है।
क्षेत्रीय निवासी महिमा त्रिवेदी के मुताबिक दो माह से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही थी। इसकी शिकायत की तो अब पानी ही नहीं आ रहा। अनुराग शर्मा ने बताया कि पानी की गुणवत्ता सुधारने की जगह सप्लाई बंद कर दी। अब हम लोग पानी के लिए परेशान हैं। त्रिवेणी नगर के जितेंद्र पाराशर ने जलकल अधिकारियों से मांग की है कि लीकेज की मरम्मत कराकर सप्लाई चालू की जाए।